खबर आज तक

Politics

कांग्रेस पार्टी एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा द्वारा किए विकास कार्यों व जनहितेषी नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे और जीत हासिल करेंगे

धर्मशालाः ब्लॉक महिला कांग्रेस धर्मशाला कांग्रेस पार्टी एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा द्वारा वर्तमान व पूर्व में किए विकास कार्यों व जनहितेषी नीतियों को घर-घर पहुंचाएगी और उन्हें भारी बहुमत के साथ विधानसभा भेजेगी, यह बात ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्षा निशा चौधरी ने सुधीर शर्मा के साथ एक अहम बैठक के दौरान कही।

सोमवार को ब्लॉक महिला कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्य निशा चौधरी की अध्यक्षता में कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा से मिले और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर महिला कांग्रेस की कार्यप्रणाली की रूपरेखा सांझा की। सुधीर शर्मा ने ब्लॉक महिला कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आवश्यक सुझाव एवं दिशानिर्देश दिए। ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्षा निशा चौधरी ने सुधीर शर्मा को आश्वस्त किया कि आगामी चुनावों में महिला शक्ति का उन्हें भारी बहुमत से जिताने में अहम योगदान होगा।

चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए निशा चौधरी ने कहा कि ब्लॉक महिला कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य कांग्रेस पार्टी व सुधीर शर्मा द्वारा किए गए विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएंगे और लोगों से आह्वान करेंगे कि विकास का साथ दें। निशा चौधरी ने कहा कि सुधीर शर्मा के 2012- 2017 के मध्य धर्मशाला विधानसभा में अथाह विकास कार्य हुए जिन्हें लोगों के बीच ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता से दूर रहने के बावजूद सुधीर शर्मा ने लोगों का साथ नहीं छोड़ा और हर मुश्किल घड़ी में वह जनता से जुडे़ रहे।

निशा चौधरी ने कहा कि कोरोनाकाल में जहां सत्तासीन नेता आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने में असमर्थ रहे वहीं सुधीर शर्मा ने न केवल घर-घर तक राशन पहुंचाया बल्कि किसानों के पशुओं के चारे तक ही व्यवस्था की, साथ ही अपना घर तक कोरोना ईलाज के लिए भेंट कर दिया। इसके अतिरिक्त सुधीर शर्मा ने गत वर्ष आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सिंचाई कूहलों और घरों तक की मरम्मत करवाई जबकि सत्तासीन नेताओं का इस ओर कोई ध्यान नहीं गया।

निशा चौधरी ने कहा कि सुधीर शर्मा द्वारा गरीब घरों की बेटियों की शादी के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद लगातार की जा रही है। ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्षा ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा से सुधीर शर्मा की जीत पक्की है और उसे भारी बहुमत तक पहुंचाने का दायित्व ब्लॉक महिला कांग्रेस का है।

निशा चौधरी ने सुधीर शर्मा को आश्वस्त करते हुए कहा कि ब्लॉक महिला कांग्रेस हर कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला एवं विभिन्न प्रकोष्ठों को साथ लेकर कांग्रेस पार्टी के झंडे को बुलंद करेगी और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता के समक्ष रखेगी। इस मौके पर ब्लॉक महिला कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सदस्य एवं विभिन्न कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top