खबर आज तक

Himachal

विधानसभा चुनाव: चौधरी हरभजन सिंह पर दांव खेल सकती है कांग्रेस, धर्मशाला में ओबीसी पर फोकस कर रहीं पार्टियां

मोनिका शर्मा, धर्मशाला
अगले दो माह में होने वाले विधानसभा चुनावों में धर्मशाला में कांग्रेस बड़ा धमाका कर सकती है। हिमाचल की पोलिटिकल कैपिटल धर्मशाला में टिकट की आफिशियल घोषणा से पहले कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग पर महामंथन कर रही है। इसमें चौधरी हरभजन सिंह का नाम जोर शोर से चल रहा है। चौधरी हरभजन सिंह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं,जिन्होंने टिकट के लिए आवेदन किया है। दिल्ली से छनकर आ रही सूचनाओं के अनुसार कांग्रेस द्वारा ओबीसी चेहरे पर इसलिए फोकस किया जा रहा है, क्योंकि उपचुनाव में ओबीसी से जुड़े आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी को करीब 17 हजार वोट पड़ गए थे। यही कारण है कि कांग्रेस अब अन्य पिछड़ा वर्ग की नाराजगी मोल नहीं लेना चाह रही है। पता चला है कि पूर्व में जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस में ओबीसी विभाग के मौजूदा महासिचव हरभजन सिंह पिछले दिनों दिल्ली के तीन तूफानी दौरे भी कर चुके हैं। भाजपा के पास मंडल अध्यक्ष अनिल चौधरी और राकेश चौधरी दो बड़े ओबीसी नेता हैं, यही कारण है कि कांग्रेस में चौधरी समुदाय व अन्य पिछड़ा वर्ग से सबसे बड़े चेहरे हरभजन सिंह पर पार्टी की नजरें टिकी हुई हैं।

उपचुनाव में जमानत जब्त होने के बाद कांग्रेस भी ओबीसी को निराश नहीं करना चाह रही है। उस चुनाव में ओबीसी बैल्ट में राकेश चौधरी को बंपर वोटिंग हुई थी। उसके बाद से ही भाजपा ने डैमेज कंट्रोल के तौर अनिल चौधरी को मंडल अध्यक्ष बनाया था। बाद में भाजपा ने आप छिटकाकर राकेश चौधरी को भी अपने पाले में कर लिया। उसके बाद से ही कांग्रेस पर भी ओबीसी को साधने का दबाव है।

कांग्रेस को याद है कि पिछले उपचुनाव में धर्मशाला विधानसभा हलके में भाजपा-कांग्रेस की टक्कर के बीच आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी ने करीब 17 हजार वोट हासिल किए थे। कांग्रेस उस समय नंबर तीन पर रही थी। उसके बाद से ही चौधरी हरभजन सिंह पर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कांग्रेस के लिए राहत की बात यह है कि चौधरी हरभजन सिंह की धर्मशाला नगर निगम एरिया से लेकर निचले इलाकों तक बराबर पकड़ है।

चौधरी हरभजन सिंह के निचले इलाके बगली में घर हैं, तो धर्मशाला नगर निगम एरिया उनकी कर्मभूमि है। इसके अलावा धर्मशाला से चामुंडा एरिया तक उनकी कर्मभूमि है। हरभजन सिंह की गिनती धर्मशाला में बड़े कारोबारी घराने में भी होती है। शांत स्वभाव के होने के कारण अपनी पार्टी के अलावा हरभजन सिंह विरोधी दलों की ओर से भी सम्माननीय नेता के तौर पर रिस्पेक्ट हासिल करते रहे हैं।

वह युवा कांग्रेस के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। बहरहाल दिल्ली में अन्य कई नामों पर विचार चल रहा है। इनमें पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के अलावा देवेंद्र जग्गी, शैलजा कटोच, विजय कर्ण जैसे नेता शामिल हैं। खास बात यह भी कि टिकट के आवेदकों में ज्यादातर नेता दिग्गज कांग्रेस नेत्री चंद्रेश कुमारी के करीबी हैं। उधर हरभजन सिंह ने कहा कि उन्होंने टिकट के लिए आवेदन किया है। यह उनका अधिकार है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, वह उसका तन मन से साथ देंगे। उनके लिए कांग्रेस सर्वोपरि है। टिकट या एमएलए पद के लिए कभी उन्होंने न तो लॉबिंग की है, न ही करेंगे।

पंचायत बगली के रहने वाले चौधरी हरभजन सिहं साल 2011-16 तक जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। इससे पहले साल 2009 से 2012 तक युवा कांगे्रस अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा कालेज समय में एनएसयूआई से भी जुड़े रहे हैं। मौजूदा समय में हरभजन सिंह किसान,मजदूर से लेकर कर्मियों के मसले लगातार उठाते रहते हैं। फोन पर लोगों की समस्याएं लेकर प्रशासन और सरकार के सामने रखते हैं। धर्मशाला हलके में 85 से ज्यादा बूथ हैं। इन सभी बथों पर चौधरी हरभजन की पकड़ है। इसका कारण यह रहा है कि धर्मशाला में छात्र राजनीति से लेकर अब तक चौधरी हरभजन सिंह ने तीन दशक का लंबा सफर तय किया है। वह सक्रिय रूप से जनता के बीच रहते हैं। चंद्रेश कुमारी और सुधीर शर्मा को धर्मशाला से जिताने में चौधरी हरभजन का रोल पर्दे के सामने और पीछे हर किसी को याद है।

भाजपा ने रोके प्रोजेक्ट
चौधरी हरभजन सिंह कहते हैं कि धर्मशाला हलके में बनने वाली सब्जी मंडी का काम भाजपा सरकार ने जानबूझ कर ठप कर रखा है। इसी तरह ओबीसी भवन को भी पूरा नहीं किया गया है। मांझी खड्ड की बाढ़ से कूहलों व रिहायशी इलाकों को नुकसान हुआ है। इस पर भी प्रदेश सरकार असफल रही है। जनता में सरकार के खिलाफ रोष है।

केंद्र के सारे प्राजेक्ट हवा में
चौधरी हरभजन सिंह कहते हैं कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को कई सब्जबाग दिखाए थे। एक भी प्रोजेक्टर सिरे नहीं चढ़ा है। नेशनल हाई वे से लेकर फोरलेन, आईटी पार्क, एयरपोर्ट, स्मार्ट सिटी, फल राज्य बनाने की बातें सिर्फ जुमला साबित हुई हैं। कोरोना से निपटने में भी सरकार नाकाम रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top