खबर आज तक

Himachal

नूरपुर: भव्य शोभा यात्रा के साथ राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव का आगाज, राज्यपाल ने की शोभा यात्रा की अगुवाई

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने गुरुवार को कांगड़ा जिले के नूरपुर में आरम्भ हुए दो दिवसीय राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभा यात्रा चौगान से होती हुई बृजराज मंदिर में संपन्न हुई, जिसकी अगवाई राज्यपाल ने की। वह पारम्परिक तौर पर पगड़ी पहनकर शोभायात्रा में शामिल हुए। वन एवं युवा, खेल मंत्री श्री राकेश पठानिया भी उनके साथ थे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्री कृष्ण को संमर्पित है, जिन्होंने मानवता के कल्याण के लिए हमें गीता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं हमेशा प्रासंगिक रही हैं क्योंकि उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से कार्य करते रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता भगवान श्री कृष्ण और भगवान श्री राम में समाई हुई है। देश के कोने-कोने में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है और हिमाचल प्रदेश में भी इस त्यौहार को हर्षोल्लास से मनाया जाता है।

राज्यपाल ने लोगों से एकता और सौहार्द के साथ मानव कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हममें अपनी समृद्ध संस्कृति और उच्च रीति-रिवाजों पर गर्व होना चाहिए। हमारा हर कार्य राष्ट्रीयता की भावना से किया जाना चाहिए। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान भी राष्ट्रीयता व हमारे स्वाभीमान से जुड़ा था। ऐसी भावना हमेशा रहनी चाहिए।
राज्यपाल ने ‘बृजराज’ स्मारिका के पहले अंक का भी विमोचन किया।
राज्यपाल ने इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ईनाम देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व, वन मंत्री राकेश पठानिया ने राज्यपाल को सम्मानित तथा स्वागत किया। उन्होंने राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव में राज्यपाल के आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और लोगोें की आस्था का केंद्र है।

इस अवसर पर, बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें भगवान श्री कृष्ण के भव्य रूपों को भी दर्शाया गया।
राज्य लघु बचत सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष संजय गुलेरिया, अतिरिक्त उपायुक्त गन्धर्वा राठौड़, महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवम एसडीएम श्री अनिल भारद्वाज, एएसपी सुरिंद्र शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top