खबर आज तक

Uncategorized

राजस्थान और दिल्ली में बारिश की संभावना, पहाड़ी क्षेत्रों में हो सकता है हिमपात; जानिए राज्‍यों के मौसम का हाल

उत्‍तर भारत में ठंड ने दस्‍तक दे दी है। दिल्‍ली एनसीआर में सुबह और शाम को ठंड महसूस की जा रही है। वहीं, उत्‍तर प्रदेश, राजस्‍थान और हरियाणा में भी पारा लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग की मानें तो नवंबर के बाद उत्‍तर भारत के लोगों को शीतलहर के लिए तैयार रहना चाहिए। वहीं, आज पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।

दिल्‍ली में शीतलहर के लिए रहें तैयार

दिल्‍ली में आज तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। तेज हवा चलने के कारण दिल्ली एनसीआर में वायु की गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा जा रहा है। हालांकि, आज दिल्‍ली-एनसीआर में सुबह कोहरा देखने को मिला, लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते हालात बदलने की पूरी संभावना मौसम विभाग ने जताई है। दिल्‍ली में आज न्‍यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

दिल्‍ली की मुकाबले उत्‍तर प्रदेश में आज मौसम गर्म रहेगा। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। लखनऊ में सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी दिखाई दे रहा है। इधर, दिल्‍ली से सटे गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहेगा। यहां भी सुबह के वक्त लोगों को कोहरा दिखाई दिया।

मध्‍य प्रदेश में मौसम लेने जा रहा करवट

मध्य प्रदेश में आज से मौसम करवट ले सकता है। यहां शीत लहर का कहर जारी हो सकता है। एमपी में 15 नवंबर के बाद से मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया था। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव होगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मध्य प्रदेश में 25 नवंबर से मौसम करवट लेगा।

पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा उत्‍तर भारत में ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। इससे चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी राजस्थान के ऊपर देखा जा सकता है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना के साथ कई स्थानों पर बारिश और हिमपात की संभावना है। एक या दो स्थानों पर भारी गतिविधि भी हो सकती है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरोध की संभावनाएं बनी हुई हैं। साथ ही, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना है।

पूर्वी और मध्‍य भारत में अभी राहत…!

उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में उत्तरी दिशा से आने वाली हवाओं के बहने की संभावना है। इन राज्‍यों में सुबह-सुबह धुंध देखी गई। पूर्वोत्तर राज्यों में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के बावजूद मुख्य रूप से शुष्क मौसम दिखाई दे रहा है। कोलकाता में धूप खिलने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में सुबह के तापमान में मामूली वृद्धि देखी जा रही है। तटीय महाराष्ट्र, मुंबई और रत्नागिरी बहुत गर्म रहने की संभावना है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top