खबर आज तक

Himachal

Himachal Weather: फरवरी में ही तपने लगे पहाड़, शिमला में 17 साल बाद सबसे गर्म दिन रहा 18 फरवरी

हिमाचल प्रदेश में फरवरी में ही पहाड़ तपने लगे हैं। हिल्स क्वीन शिमला में बर्फबारी के महीने फरवरी में शनिवार 17 साल बाद सबसे गर्म दिन रहा। 18 फरवरी ( शनिवार ) को राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2006 में 19 फरवरी को 22.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। शनिवार को सोलन में फरवरी में दो साल बाद सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। तापमान में बढ़ोतरी से हिमाचल के मौसम से ठंडक घट गई है। दोपहर के समय मैदानी जिलों में पसीना छूटना शुरू हो गया है।

शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 30.4, भुंतर में 29.7, मंडी में 29.2, बिलासपुर में 28.6, हमीरपुर-चंबा में 27.3, कांगड़ा में 27.0, धर्मशाला में 26.5, नाहन में 25.3, शिमला में 23.2, मनाली में 20.0, कल्पा में 17.6 और केलांग में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल प्रदेश में सर्दियों के मौसम में इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रही है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। फरवरी में प्रदेश में अभी तक सामान्य से 59 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि में 56 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। इस वर्ष एक से 18 फरवरी तक 23 मिलीमीटर बारिश ही हुई है।

न्यूनतम तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान 14.0, सुंदरनगर 9.4, भुंतर 9.0, कल्पा 3.6, धर्मशाला 7.2, ऊना 10.7, नाहन 13.3, केलांग 0.2, पालमपुर 10.0, सोलन 7.8, मनाली 8.0, कांगड़ा 12.8, मंडी 8.4, बिलासपुर 10.0, हमीरपुर 11.2, चंबा 10.4, डलहौजी 12.7, जुब्बड़हट्टी 12.0, कुफरी 10.9, कुकुमसेरी 1.0, नारकंडा 8.0, रिकांगपिओ 6.4, धौलाकुआं 10.0, बरठीं 10.1, पांवटा साहिब 11.0 और सराहन में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 फरवरी से किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। इन क्षेत्रों में 22 फरवरी तक मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ और बिजली गरजने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 21 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए हुए हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top