खबर आज तक

Himachal

Himachal News: लाहुल में हिमपात से होटलों में फंसे सैकड़ों पर्यटक किए रेस्क्यू

प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति सहित मनाली में हिमपात का क्रम जारी है। मौसम के बदले तेवर से ठंड बढ़ गई है। हिमपात को देखते हुए लाहुल स्पीति प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सभी सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी हैं। वीरवार को लाहुल में हिमपात होने से होटलों में रह रहे सैकड़ों पर्यटक वहां फंस गए थे। पुलिस ने आधी रात तक कार्य करते हुए सभी को रेस्क्यू कर मनाली भेजा। घूमने आए पर्यटकों को शाम छह बजे तक वापस भेजने का काम पूरा हो गया था लेकिन हिमपात के कारण लाहुल घाटी के होटलों में ठहरे पर्यटकों को भी रात को मनाली भेज दिया गया।

पर्यटकों के लिए घाटी पूर्ण रूप से बंद

पुलिस आधी रात तक पर्यटकों को रेस्क्यू करने में जुटी रही। वीरवार की घटना से सबक लेते हुए लाहुल स्पीति पुलिस ने शुक्रवार को पर्यटकों के लिए घाटी पूर्ण रूप से बंद कर दी है। वहीं, मनाली पुलिस ने भी शुक्रवार को सतर्कता दिखाते हुए हिमपात के कारण पर्यटकों को नेहरुकुंड से आगे जाने पर रोक लगाई है। मनाली पुलिस वीरवार रात एक बजे तक पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाने में जुटी रही। शुक्रवार को लाहुल स्पीति सहित मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में हिमपात हुआ। मनाली में भी वीरवार आधी रात को सर्दियों का पहला हिमपात हुआ। बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक आधी रात को होटलों से बाहर निकल आए। डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि वीरवार आधी रात तक पुलिस पर्यटकों को उनके होटलों तक पहुंचाने में जुटी रही। पर्यटकों को शुक्रवार को नेहरुकुंड तक ही भेजा गया।

मनाली व लाहुल स्पीति में पर्यटकों की बहार

पर्यटन नगरी मनाली व लाहुल स्पीति में नववर्ष का स्वागत करने के लिए पर्यटकों का आना जारी है। 29 दिसंबर को 24 घंटे के भीतर 11,188 वाहन अटल टनल रोहतांग के आर-पार हुए हैं। हालांकि शुक्रवार को हिमपात का क्रम जारी रहने से पर्यटकों को लाहुल की ओर नहीं जाने दिया गया। वहीं, 31 दिसंबर को मौसम ठीक रहा तो अटल टनल को निहारने वाले पर्यटकों की संख्या का नया रिकार्ड बन सकता है। लाहुल स्पीति पुलिस के अनुसार हिमाचल के 3880 पर्यटक वाहन अटल टनल के पार गए और 3765 लौटे। अन्य राज्यों से 1810 वाहन अटल टनल पार कर लाहुल पहुंचे जबकि 1783 वापस मनाली लौटे। कुल 5640 पर्यटक वाहनों ने अटल टनल को पार किया जबकि 5548 वाहन वापस लौटे।

पर्यटकों के लिए रोहतांग का मढ़ी भी बहाल

हिमपात होने से लाहुल व मनाली पुलिस को खूब पसीना बहाना पड़ा। दोनों ओर से पुलिस जवान आधी रात तक ड्यूटी देते रहे। हिमपात होने से पर्यटक व्हाइट न्यू ईयर का मजा लेने के लिए तैयार हैं। 31 दिसंबर को मौसम साफ रहा तो लाहुल की वादियां फिर पर्यटकों से चहक उठेंगी। वहीं, प्रशासन ने पर्यटकों के लिए रोहतांग का मढ़ी भी बहाल किया है। मौसम साफ होने की सूरत में पर्यटक रोहतांग की ओर भी जा सकेंगे। अगर मौसम साफ नहीं होता है तो पर्यटक पर्यटन स्थलों का रुख नहीं कर सकेंगे जिस कारण मनाली वाहनों से जाम हो जाएगी।

लाहुल स्पीति के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने बताया कि जिला में यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वीरवार आधी रात तक हिमपात के बीच भी पुलिस जवान ड्यूटी पर डटे रहे और सभी पर्यटकों को सुरक्षित मनाली भेजा।

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top