खबर आज तक

Himachal

यमुना किनारे युवक दोस्तों के साथ नदी में नहाने उतरे, डूबने से दो युवकों की हुई मौत

यमुना किनारे युवक

हिमाचल प्रदेश में यमुना और ब्यास नदी में डूबने से उत्तर प्रदेश और पंजाब के दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों युवक दोस्तों के साथ नदी में नहाने उतरे थे। पहले मामले में पांवटा साहिब में यमुना नदी में शनिवार देर रात को तीन युवक नहाने उतरे थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत के सिंघावली अहीर निवासी संजय यादव (22) अचानक डूब गया। उसके दोनों साथियों को तैरना नहीं आता था। देर रात को सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना टीम ने स्थानीय गोताखोर के सहयोग से सर्च अभियान चलाया, लेकिन अब तक युवक का कोई पता नहीं चला है।

जानकारी के अनुसार संजय यादव (22) पुत्र राजपाल यादव निवासी सिंघाबली अहीर सिधौली अहिली बागपत उत्तरप्रदेश निवासी स्थानीय गुरुद्वारे के पास कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग का कार्य करता था। शनिवार रात को करीब 10 बजे दो साथियों मोनू शर्मा और सुखविंदर सिंह के साथ यमुना नदी में नहाने उतर गया। बताया जा रहा है कि संजय के दोस्तों को तैरना नहीं आता था। इसलिए दोनों किनारे पर ही नहाने लगे। संजय गहरे पानी की तरफ चला गया। कुछ देर बाद तेज बहाव में डूबने लगा। साथियों ने लोगों को सूचना दी। पांवटा पुलिस थाना में सूचना दी गई। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सुबह तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चला। पुलिस ने डूबे हुए युवक के परिजनों को सूचित कर दिया है।

थाना प्रभारी पांवटा साहिब अशोक चौहान ने कहा कि स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से युवक की तलाश की जा रही है। वहीं, एसडीएम जीएस चीमा ने कहा कि यात्राएं शुरू होने पर दिन के समय स्थानीय गोताखोर तैनात कर दिए गए हैं। शनिवार को देर रात 10 बजे के बाद युवक के नदी में स्नान करते हुए डूबने का हादसा हुआ है। दूसरे मामले में थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के निकट कोहला गांव में ब्यास नदी में उतरे पंजाब से आए तीन युवकों में से एक की डूबने से मौत हो गई। जबकि दो की जान बाल-बाल बच पाई है। मृतक की पहचान चेतन (22), पुत्र दर्शन सिंह, निवासी गांव कम्मोवाल, माहलपुर होशियारपुर के तौर पर हुई है। मृतक के चचेरे भाई मनदीप (28), पुत्र जरनैल सिंह ने कहा कि रविवार सुबह कम्मोवाल गांव से महिलाओं सहित करीब 25 लोगों का समूह जिला के सीमावर्ती गांव भड़ोली क्षेत्र ज्वालामुखी थाना में स्थित अपनी जठेरी में माथा टेकने आए थे।

इसी दौरान चेतन, उसका चचेरा भाई मनदीप तथा राहुल (16), पुत्र गुरदयाल, निवासी गांव कम्मोवाल ब्यास नदी में नहाने उतर गए। तीनों को ही तैरना नहीं आता था और वह अनजाने में धीरे-धीरे पानी के बीचोबीच आ गए। यह तीनों पानी में करीब दो किलोमीटर तक बहते हुए नदी के दूसरे किनारे नादौन की ओर बढ़ते गए। इनमें से राहुल और मनदीप कोहला गांव में जल शक्ति विभाग के स्टोर एवं पंप हाउस के निकट पानी के किनारे जैसे ही पहुंचे तो वहां उपस्थित कुछ स्थानीय लोगों ने इन्हें देख लिया और इन्हें बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। वहीं चेतन जिसका हाथ मनदीप ने पकड़ा हुआ था वह पानी में ही छूट गया और बहता हुआ आगे चला गया। उसे स्टोर से थोड़ा आगे की ओर स्थानीय लोगों ने जब बाहर निकाला तो उसने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप पटियाल ने पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यमुना नदी में कूदे युवक को गोताखोर ने बचाया पांवटा साहिब के देवीनगर निवासी 27 वर्षीय एक युवक ने अचानक यमुना नदी में छलांग लगा दी। युवक तेज लहरों में डूबने लगा। नदी घाट के आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। गनीमत रही कि स्थानीय गोताखोर शनिवार को डूबे युवक की तलाश कर रहे थे। गोताखोर ने शोर सुनकर युवक को सुरक्षित निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं है। देहरादून से उपचार भी चल रहा है। रविवार को देवीनगर निवासी संजीव (27) पुत्र उदय सिंह ने अचानक यमुना नदी में छलांग लगा दी। घाट पर आसपास बैठे लोगों ने शोर मचाया। करीब 500 मीटर दूर नदी में रबड़ ट्यूब से सर्च अभियान में जुटे स्थानीय (कुल्हाल) गोताखोर फारुख ने संजीव कुमार को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया। थाना प्रभारी पांवटा साहिब अशोक चौहान ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर भेज दी गई थी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top