खबर आज तक

dharamshala

मंडी संसदीय क्षेत्र में कंगना रणौत को 74755 मतों से मिली जीत

पहाड़ के सबसे बड़े रण में अपनी पहली ही बाजी में क्वीन भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत ने जीत का डंका बजा दिया है। 18वीं लोकसभा के चुनाव में मंडी सीट पर क्वीन की जीत हुई और किंग को हार का सामना करना पड़ा। सिनेमा के पर्दे पर राजनेत्रियों के किरदार अदा करने वाली अभिनेत्री एवं क्वीन के नाम से प्रसिद्ध मंडी की बेटी ने सियासत की जमीन पर बुशहर रियासत के राजा कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य को विरासत की जंग में 74755 मतों से पराजित किया है। कंगना मंडी संसदीय क्षेत्र से 21वीं सांसद बनी हैं।

 

कंगना रणौत मंडी से लोकसक्षा चुनाव जीतने वाले तीसरी महिला प्रत्याशी बनी हैं। जबकि वह भाजपा से पहली ऐसी नेत्री हैं, जिन्हें हिमाचल प्रदेश से देश के सबसे बड़े सदन में जाने का अवसर मिला है। अठाहरवीं लोकसभा के लिए हुए इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने 537022 मत प्राप्त किए। जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 462267 मत प्राप्त कर सके। मंडी सीट में शामिल 17 विधानसभा क्षेत्रों में से कंगना रणौत को 13 हल्कों में लीड मिली है। अकेले मंडी जिला ने ही कंगना को 101559 मतों की लीड देकर भाजपा की जीत की पटकथा लिख दी। जबकि विक्रमादित्य सिंह अपनी परंपरागत सीटों में से सिर्फ चार पर ही बढ़त ले सके हैं।

17 हल्कों में सबसे बड़ी लीड विक्रमादित्य सिंह ने अपने विस क्षेत्र रामपुर से 21437 मतों की प्राप्त की है। जबकि कंगना को सबसे अधिक मतों की लीड जोगिंद्रनगर विस 19402 मतों की रही है। इसके बाद तीसरे नंबर पर सदर मंडी से भाजपा को 15515 मतों, सराज 14698 मतों, सरकाघाट से 13647 मतों, बल्ह विस से 9742 मतों, सुंदरनगर से 8954 मतों, दं्रग विस से 7699 मतों और करसोग से 5926 मतों की बढ़त भाजपा को मिली है। इसके साथ ही भाजपा कुल्लू से 6872, मनाली से 1953, बंजार से 2989 और भरमौर से 5533 मतों की लीड लेने में सफल हुई है। कांग्रेस को रामपुर के बाद आनी से 8328, लाहौल स्पीति से 6876 और किन्नौर से 8562 मतों की लीड मिली है। निर्वाचन अधिकारी मंडी संसदीय क्षेत्र अपूर्व देवगन ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में कुल 1018253 मतों में से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार कंगना रनोत को 537022 मत प्राप्त हुए हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 462267 मत प्राप्त हुए हैं।

डा. प्रकाश चंद भारद्वाज को 4393, नरेंद्र कुमार को 2447, महेश सैनी को 654, विनय कुमार को 690, आशुतोष महंत को 286, दिनेश कुमार भट्टी 381, राखी गुप्ता केा 1051 और सुभाष मोहन स्नेही को 963 वोट प्राप्त हुए। नोटा का इस्तेमाल 5645 वोटरों ने किया। उन्होंने बताया कि वोटों की गिनती पांच मतगणना केंद्रों पर सुबह आठ बजे शुरू हो गई थी। उन्होंने लोकसभा चुनाव के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला वासियों और चुनाव प्रक्रिया मे लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

तीसरी महिला सांसद बनीं कंगना रणौत

मंडी संसदीय सीट बीते बीस चुनावों में कांग्रेस चौदह बार और भाजपा पांच बार तथा जनता पार्टी एक बार जीत का परचम फहरा चुकी है। अब कंगना की जीत से भाजपा ने जहां जीत का छक्का लगाया है, वहीं पर कंगना मंडी की 21वीं सांसद बन गई है। यही नहीं राजकुमारी अमृत कौर और प्रतिभा सिंह के बाद कंगना तीसरी महिला सांसद बन गई। जबकि भाजपा की ओर से पहली महिला सांसद बनने का गौरव कंगना ने हासिल किया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top