खबर आज तक

chamba

Himachal Election Result : बच गई सुक्खू सरकार, लोकसभा में चारों सीटों पर हार

हिमाचल में मंगलवार को आए विधानसभा उपचुनाव और लोकसभा चुनाव के नतीजे फिफ्टी-फिफ्टी रहे। जहां उपचुनाव में छह में से चार सीटें जीतकर कांग्रेस आगे रही, वहीं लोकसभा में सभी चार सीटें जीतकर भाजपा ने बाजी मारी। उपचुनाव में कांग्रेस की चार सीटों पर जीत के साथ ही सुक्खू सरकार पर आया तथाकथित संकट भी टल गया है। कांग्रेस के छह बागियों में से धर्मशाला से सुधीर शर्मा और बड़सर से आईडी लखनपाल ही जीतने में सफल रहे, बाकि चार को हार का मुंह देखना पड़ा है। भाजपा को सिर्फ दो सीटों का फायदा हुआ है और सदन में पार्टी के सदस्यों की संख्या बढक़र 27 हो गई है। जबकि चार सीटें जीतने के बाद कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 38 हो गई है और राज्य सरकार बहुमत के आंकड़े से बहुत ज्यादा आगे बढ़ गई है। मंगलवार को घोषित नतीजों में धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने 28 हजार 66 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के देवेंद्र सिंह जग्गी को हराया। देवेंद्र जग्गी को 22,540 मत प्राप्त हुए। लाहुल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी अनुराधा ने नौ हजार 414 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय डा. राम लाल मारकंडा को हराया। रामलाल मारकंडा को 7454 मत प्राप्त हुए। भाजपा इस सीट पर तीसरे नंबर पर रही। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने 29,529 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजेंद्र सिंह राणा को हराया।

राजेंद्र राणा को 27089 मत प्राप्त हुए। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने 36853 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के देवेंद्र कुमार भुट्टो को हराया। उन्हें 31,497 मत प्राप्त हुए। विधानसभा क्षेत्र गगरेट से कांग्रेस के राकेश कालिया ने 35768 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के चैतन्य शर्मा को हराया, जिन्हें 27281 मत प्राप्त हुए। विधानसभा क्षेत्र बड़सर से भाजपा के इंद्रदत्त लखनपाल ने 33086 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुभाष चंद को हराया। सुभाष चंद को 30 हजार 961 मत प्राप्त हुए। उधर, लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर कमल खिला। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में भाजपा के डा. राजीव भारद्वाज ने कांग्रेस के आनंद शर्मा को 2,51,964 वोट से हराया। इसी तरह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के सतपाल रायजादा को 1,82,857 वोट से हराया। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत ने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को 74755 वोट से हराया। उधर, शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी को 91451 के अंतर से हराया। कांगड़ा सीट को सबसे ज्यादा अढ़ाई लाख के अंतर से भाजपा ने जीता है, जबकि हमीरपुर में अनुराग ठाकुर को लगातार पांचवीं जीत मिली है। इस चुनाव में चर्चा का केंद्र रही मंडी सीट पर अभिनेत्री कंगना रणौत ने विक्रमादित्य सिंह को पटखनी दे दी है। इस जीत के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस सीट पर अपनी पकड़ का प्रदर्शन किया है।

मंडी सीट पर 17 विधानसभा क्षेत्रों में से सिर्फ चार विधानसभा सीटों पर ही कांग्रेस को लीड मिली है। हमीरपुर सीट पर कांग्रेस को सिर्फ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहात्री के विधानसभा क्षेत्र हरोली से महज 1535 वोट की लीड मिली है। मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र नादौन से भी अनुराग ठाकुर को 2143 वोट की लीड है। बाकी 16 विधानसभाओं में कांग्रेस को हार मिली है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभाओं में से एक भी चुनाव क्षेत्र में कांग्रेस की लीड नहीं है। यहां पवन काजल की कांगड़ा सीट से प्रदेश में सबसे ज्यादा 22662 वोट की लीड भाजपा को मिली है। शिमला संसदीय सीट पर भी केवल दो चुनाव क्षेत्रों रोहडू और जुब्बल कोटखाई में कांग्रेस को लीड मिल पाई है। सोलन और सिरमौर जिलों में सभी चुनाव क्षेत्रों में भाजपा को लीड रही।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The Latest

https://khabraajtak.com/wp-content/uploads/2022/09/IMG-20220902-WA0108.jpg
To Top